Shadow

रैम्प परियोजना के तहत तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम संपन्न, 31 विद्यार्थियों ने सीखे सफल उद्यमी बनने के गुर

मंडी19 जून। प्रदेश के उद्योग विभाग द्वारा प्रायोजित तथा निटकॉन लिमिटेड द्वारा कार्यान्वित आरएएमपी (रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफार्मेंस) परियोजना के अंतर्गत तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम आज यहां संपन्न हुआ जिसमें 31 महाविद्यालयी विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं व्यवसाय स्थापना के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उद्यमिता के मूल सिद्धांतों, व्यावसायिक अवसरों की पहचान, बिजनेस प्लान निर्माण, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल मार्केटिंग, सरकारी योजनाओं, उद्यम पंजीकरण तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विविध विषय विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने समूह गतिविधियों, संवादात्मक चर्चाओं एवं व्यावहारिक अभ्यासों में सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने उद्यमिता एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से संवाद किया तथा अपने व्यावसायिक विचार विकसित करने का प्रयास किया।

समापन समारोह के अवसर पर विशेषज्ञ प्रशिक्षक सरवन कुमार ने कहा कि वर्तमान में युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उद्यमिता के माध्यम से स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें व्यवसाय शुरू करने, सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा अपने विचारों को सफल उद्यम में परिवर्तित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करने के दृष्टिगत इस महत्वपूर्ण पहल को सफल बनाने में उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश, निटकॉन लिमिटेड, विषय विशेषज्ञों, महाविद्यालय प्रशासन एवं सभी प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *