Shadow

मुख्यमंत्री ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग को स्कोच अवार्ड-2026 के सेमीफाइनल में चयनित होने पर बधाई दी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड-2026 के सेमीफाइनल के लिए चयनित होने पर हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग को बधाई दी है।
राज्य अनुसूचित जाति के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान, सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, डॉ. विजय डोगरा तथा कुमारी शालिनी जम्वाल ने आज यहां मुख्यमंत्री से भेंट कर इस उपलब्धि के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि आयोग को ‘अनुसूचित जातियों का कल्याण’ विषय पर उल्लेखनीय कार्यों के लिए सेमीफाइनलिस्ट के रूप में मान्यता प्रदान की गई है तथा स्कोच ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि राज्य में अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकारों की रक्षा एवं उनके कल्याण के लिए आयोग द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों का प्रमाण है। यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य संस्थानों को भी जनकल्याण की दिशा में अधिक प्रतिबद्धता, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आयोग के अध्यक्ष, सदस्यों एवं अधिकारियों की सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने तथा अनुसूचित जातियों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में उनके समर्पण और उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि आयोग भविष्य में भी इसी उत्साह, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *