Shadow

चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें’ संदेश के साथ जारी एंटी चिट्टा फुटबॉल टूर्नामेंट

जिला प्रशासन मंडी द्वारा नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस फुटबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा जैसी घातक प्रवृत्ति के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को अपने समाज, परिवार, दोस्तों और स्वयं को नशा मुक्त रखने, अपने घर के आस-पास के वि‌द्यालयों, महाविद्यालयों, अन्य स्थानों व समस्त सार्वजनिक व निजी स्थलों पर नशे के दुष्प्रभाव बारे लोगों को जागरूक करने तथा प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने तथा चिट्टा मुक्त मंडी की साथ भी दिलाई गई।
आज का अंतिम मुकाबला एसटीसी पड्डल और एसपी- 7 टीम के बीच जारी है। इस अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन एसटीसी पड्डल मंडी की टीम की ओर से मैदान में उतरे। उनके मैदान में उतरने से खिलाड़ियों, युवाओं और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का संदेश भी दिया।
उपायुक्त ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान कर उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि “चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें” केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह फुटबॉल प्रतियोगिता युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दे रही है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के तहत बुधवार को खेले गए मुकाबलों में वेंगा बॉयज और बॉयज स्कूल मंडी के बीच राउंड-1 के तीसरे मुकावले में बैंगा बॉयज 2-0 से विजेता रही।
 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में केवी मंडी का सामना नेपाली एफसी से हुआ जिसमें नेपाली एफसी 4-0 से विजेता रही । ट्रायम्फ एफसी का मैजिशियंस एफसी से हुआ जिसमें पेनल्टी शूट आउट से मैजिशियंस एफसी 2-0 से विजेता रही । सुंदरनगर का वेंगा बॉयज से मुकाबला हुआ जिसमें सुन्दरनगर 2-0 से विजेता रहा।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी, खेल प्रेमी ,गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में युवा एवं दर्शक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *